Delhi

10 जनवरी से दिल्ली में वर्ल्ड बुक फेयर, फ्री एंट्री और अनोखी थीम बनेगी खास आकर्षण

हर साल की तरह इस बार भी दिल्ली में विश्व पुस्तक मेला आयोजित होने जा रहा है, जो किताबों से प्यार करने वालों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। वर्ल्ड बुक फेयर 2026 की शुरुआत 10 जनवरी से होगी और यह 18 जनवरी तक चलेगा। इस बार मेला भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है, जहां हॉल नंबर 2 से 6 तक देश-विदेश के प्रकाशकों और लेखकों की किताबें उपलब्ध होंगी। हिंदी, अंग्रेजी समेत कई भारतीय और विदेशी भाषाओं की किताबों का विशाल संग्रह यहां देखने को मिलेगा।

इस साल मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। पहली बार दर्शकों को बुक फेयर में जाने के लिए कोई टिकट नहीं लेना पड़ेगा। मेले की थीम भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के इतिहास पर आधारित है, जिसके चलते तीनों सेनाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और कई विशेष अतिथि भी शामिल हो सकते हैं।

मेले में किताबों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। शाम के समय नुक्कड़ नाटक, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। कई प्रसिद्ध लेखक भी पाठकों से रूबरू होंगे। यहां पहुंचने के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीकी विकल्प है, जहां से भारत मंडपम पैदल या रिक्शा से आसानी से पहुंचा जा सकता है।