Assam

असम को वर्ल्ड बैंक की बड़ी मदद, 680 मिलियन डॉलर से तीन मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी

असम में विधानसभा चुनाव से पहले वर्ल्ड बैंक ने राज्य सरकार को बड़ा आर्थिक समर्थन दिया है। वर्ल्ड बैंक ने असम के लिए 680 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब अरबों रुपये) के ऋण को मंजूरी दी है, जो तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं पर खर्च किया जाएगा। इनका उद्देश्य राज्य में जलवायु-लचीला इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा सुधार और शासन व्यवस्था को मजबूत करना है। वर्ल्ड बैंक के अनुसार, यह फंड असम को प्राकृतिक आपदाओं से बेहतर तरीके से निपटने, लोक प्रशासन सुधारने और 40 लाख से ज्यादा छात्रों को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने में मदद करेगा।

सबसे बड़ा हिस्सा 350 मिलियन डॉलर का है, जो असम डिजास्टर रेजिलिएंट हिल रोड्स डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर खर्च होगा। इसके तहत पहाड़ी और दूरदराज़ इलाकों में जलवायु-लचीली सड़कें बनाई जाएंगी, जिससे करीब 1.9 लाख लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब, बस-टैक्सी टर्मिनल और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए जाएंगे। 250 मिलियन डॉलर का दूसरा प्रोजेक्ट स्कूली शिक्षा और किशोर कल्याण पर केंद्रित है। इसका लक्ष्य 20 लाख से ज्यादा प्राथमिक छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारना और 10 से 19 वर्ष के दो लाख किशोरों को जॉब-रेडी स्किल्स से लैस करना है।

तीसरा प्रोजेक्ट 80 मिलियन डॉलर का है, जो गवर्नेंस और सर्विस डिलीवरी सुधार कार्यक्रम के तहत लागू होगा। इससे पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट मजबूत होगा, प्रशासनिक सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और डेटा आधारित नीतियों को बढ़ावा मिलेगा।विशेषज्ञों के अनुसार, यह निवेश असम के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।