आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार आईसीसी खिताब अपने नाम किया। यह जीत देशभर में उत्सव का कारण बनी हुई है। बुधवार को चैंपियन टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की, जहां पीएम ने खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी और उनसे हल्के-फुल्के सवाल भी किए।
पीएम ने दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान जी के टैटू को लेकर पूछा, जिस पर उन्होंने कहा कि इससे उन्हें मुश्किल वक्त में प्रेरणा मिलती है। कप्तान हरमन ने बताया कि उन्होंने जीत के बाद बॉल अपनी जेब में रखी, जो अब भी उनके बैग में है। शेफाली वर्मा ने बताया कि फाइनल में कैच लेते वक्त वह खुद भी हंस पड़ीं। भारत ने इससे पहले 2005 और 2017 में फाइनल में पहुंचकर खिताब गंवाया था, लेकिन इस बार हरमनप्रीत की टीम ने वह अधूरा सपना पूरा कर दिया।









