कांग्रेस विधायक और ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट कांग्रेस नेता रोशनी जायसवाल के समर्थन में उतर आई हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर शैफरन राजेश सिंह द्वारा महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी जाती रही हैं, लेकिन बीजेपी सरकार और पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। विनेश ने बताया कि जो आज रोशनी के साथ हो रहा है, वही स्थिति उनके साथ भी रही थी, क्योंकि वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का साहस रखती हैं।
विनेश फोगाट ने अपनी बात को विस्तार देते हुए कहा कि एक महिला, एक बेटी, एक खिलाड़ी और अब एक विधायक के रूप में, वे हर उस महिला का समर्थन करती हैं जिसने सड़कों पर संघर्ष किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित महिला के साथ समाज और कानून खड़ा है, जैसे उनके संघर्ष में पूरा देश उनके साथ था। विनेश का मानना है कि आज यह केवल रोशनी जायसवाल की बात नहीं है, बल्कि हर महिला की है जो गलत के खिलाफ आवाज उठाती है।
क्या है रोशनी जायसवाल का मामला?
15 सितंबर 2024 को वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक घटना हुई जिसमें आरोप है कि कांग्रेस नेता रोशनी कुशल जायसवाल ने अपने पति और समर्थकों के साथ बीजेपी कार्यकर्ता राजेश सिंह के घर पर हमला किया। रोशनी का आरोप है कि जब भी वे सोशल मीडिया पर कुछ लिखती थीं, तो शैफरन राजेश नाम के अकाउंट से उन्हें धमकियां मिलती थीं। आरोपों के अनुसार, इसी कारण उन्होंने राजेश सिंह के घर जाकर उन पर हमला किया।
इस घटना के बाद राजेश सिंह की पत्नी ने रोशनी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करवाया, जो अब वाराणसी की सिविल कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट ने रोशनी को पहले उपस्थित होने का आदेश दिया था, लेकिन पेश न होने के कारण उन्हें फरार घोषित कर दिया गया है।


