भारतीय बैडमिंटन के पोस्टर बॉय लक्ष्य सेन आज ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के मेंस सिंगल्स फाइनल में उतरेंगे। उनका मुकाबला चाइनीज ताइपे के लिन चुन-यी से होगा। भारतीय समयानुसार यह मैच शाम 5:20 बजे शुरू होगा। लक्ष्य के पास न केवल खिताब जीतने का मौका है, बल्कि वह भारत के 25 साल के सूखे को भी खत्म कर सकते हैं। 2001 में पुलेला गोपीचंद के बाद से कोई भी भारतीय पुरुष खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का चैंपियन नहीं बना है।
लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल में कनाडा के विक्टर लाई को तीन गेम तक चले कड़े संघर्ष (21-16, 18-21, 21-15) में हराकर दूसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले वह 2022 में भी फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन तब उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। महान प्रकाश पादुकोण के बाद लक्ष्य दूसरे ऐसे भारतीय हैं जो दो बार ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं।
इस खिताबी मुकाबले में प्रतिष्ठा के साथ-साथ भारी-भरकम इनामी राशि भी दांव पर है। अगर लक्ष्य सेन आज चैंपियन बनते हैं, तो उन्हें प्राइज मनी के तौर पर 101,500 अमेरिकी डॉलर (लगभग 93 लाख भारतीय रुपये) मिलेंगे। वहीं, उपविजेता रहने पर भी खिलाड़ी को लगभग 45 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। पूरा देश आज लक्ष्य की ओर देख रहा है कि क्या वह पादुकोण (1980) और गोपीचंद (2001) के खास क्लब में शामिल होकर भारतीय बैडमिंटन का स्वर्णिम अध्याय फिर से लिखेंगे।









