केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को सभी राज्य सरकारों से बाइक टैक्सी सेवाओं को मंजूरी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कदम से देश में करीब आठ करोड़ लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार निजी दोपहिया वाहनों को यात्री परिवहन के लिए अनुमति दे चुकी है, लेकिन कुछ राज्यों में अभी भी इसकी अनुमति नहीं है।
गडकरी ने यह बात ‘सुरक्षा’ पायलट कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान कही। कार्यक्रम के तहत हाईवे निर्माण, खनन और अन्य जोखिम वाले क्षेत्रों में काम करने वाले ड्राइवरों तथा कर्मचारियों की मौके पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग की जाएगी। यह पहल महाराष्ट्र के नागपुर-काम्पटी क्षेत्र के एनएच-44 और चंद्रपुर की खनन पट्टी में करीब 150 किलोमीटर के दायरे में लागू होगी। इसके तहत 10 हजार लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने सड़क सुरक्षा के लिए ड्राइवरों के स्वास्थ्य को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आंखों की समस्याओं सहित काम से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों पर नियमित जांच की जरूरत पर जोर दिया। इसके साथ ही गडकरी ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नेगेटिव पॉइंट सिस्टम लागू करने की बात कही। प्रस्तावित व्यवस्था में बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों के अंक काटे जाएंगे और निर्धारित सीमा पार होने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द किया जा सकेगा।


