राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की सुरक्षा और उनके गायब होने की स्थिति पर सवाल उठा दिया. उन्होंने कहा कि धनखड़ ने 22 जुलाई को इस्तीफा दिया था और आज 9 अगस्त तक उनकी कोई जानकारी नहीं है. सिब्बल ने चुटकी लेते हुए कहा, हमने तो ‘लापता लेडीज’ के बारे में सुना था, लेकिन ‘लापता वाइस प्रेसिडेंट’ के बारे में पहली बार पता लगा है. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वो धनखड़ की सुरक्षा का ध्यान रखें.
कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, क्या हमें बताया जा सकता है. वह कहाँ हैं?, क्या वह सुरक्षित हैं?, उनसे संपर्क क्यों नहीं हो पा रहा है?, अमित शाह जी को पता होना चाहिए!. वह हमारे उपराष्ट्रपति थे; देश को चिंतित होना चाहिए!.”
सिब्बल ने बताया, मैंने पहले दिन उनके पीएस को फोन किया तो उन्होंने बताया कि वे (धनखड़ ) आराम कर रहे हैं. उसके बाद से कोई बातचीत नहीं हुई. ना उनकी लोकेशन का पता है, ना कोई आधिकारिक सूचना मिली है. सिब्बल ने पूछा कि ऐसे में अब हमें क्या करना चाहिए. क्या हमें हैबियस कॉर्पस याचिका दायर करनी पड़ेगी? सिब्बल ने कहा कि धनखड़ हमारे करीबी दोस्त रहे हैं और उन्होंने कई केस साथ में लड़े हैं. अगर हमें एफआईआर दर्ज करानी पड़े तो यह अच्छा नहीं लगेगा.









