WhatsApp एक नया फीचर लेकर आ रहा है, जिससे अब यूजर्स उन लोगों से भी चैट कर सकेंगे जिनके पास WhatsApp अकाउंट नहीं है। इस फीचर का नाम Guest Chat रखा गया है और फिलहाल इसे बीटा वर्जन में टेस्ट किया जा रहा है। नए फीचर की मदद से कोई भी व्यक्ति, एक स्पेशल लिंक के जरिए अस्थायी चैट में शामिल हो सकता है, बिना अकाउंट बनाए।
इस फीचर का मकसद यूजर्स के लिए बातचीत को आसान और तेज बनाना है। जब कोई यूजर गेस्ट चैट शुरू करना चाहता है, तो वह ऐप के अंदर लिंक जनरेट कर सकता है और इसे SMS, ईमेल या किसी भी दूसरे प्लेटफॉर्म के माध्यम से शेयर कर सकता है। सामने वाला व्यक्ति इस लिंक को ब्राउज़र या मोबाइल में खोलकर सीधे चैट में शामिल हो सकता है। चैट में शामिल गेस्ट यूजर के नाम के साथ “Guest” टैग दिखेगा।
हालांकि यह फीचर पूरी तरह से व्हाट्सएप चैट की तरह नहीं है। गेस्ट चैट में ग्रुप चैट, मीडिया शेयरिंग, स्टिकर, GIF और वॉइस या वीडियो कॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। यह मुख्य रूप से टेक्स्ट मैसेजिंग के लिए डिज़ाइन किया गया है।
सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए, गेस्ट चैट एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेगी। हर गेस्ट चैट के लिए सिस्टम एक यूनिक आइडेंटिफायर बनाता है, जिससे बातचीत सुरक्षित रहती है। इसके अलावा, गेस्ट चैट स्थायी नहीं होगी। अगर 10 दिनों तक कोई बातचीत नहीं होती, तो यह अपने आप बंद हो जाएगी। नए इनवाइट लिंक के जरिए ही इसे फिर से शुरू किया जा सकता है।
WhatsApp के इस नए फीचर से यूजर्स को बिना अकाउंट वाले लोगों के साथ भी आसानी से और सुरक्षित रूप से बातचीत करने का मौका मिलेगा। आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।









