WhatsApp ने यूजर्स की सुविधा के लिए नया ‘Group Message History’ फीचर लॉन्च कर दिया है। इस फीचर का उद्देश्य ग्रुप में जुड़ने वाले नए सदस्यों के अनुभव को आसान और बेहतर बनाना है। अब नए मेंबर्स ग्रुप की पिछली अहम बातचीत से अपडेट रह सकेंगे, बिना किसी से स्क्रीनशॉट या मैसेज फॉरवर्ड कराने की जरूरत के। अक्सर ऐसा होता था कि ग्रुप में जुड़ने के बाद पुराने मैसेज दिखाई नहीं देते थे, जिससे बातचीत का संदर्भ समझना मुश्किल हो जाता था। इस समस्या को दूर करने के लिए कंपनी ने यह नया विकल्प जोड़ा है।
इसके तहत ग्रुप एडमिन 25 से 100 तक पुराने मैसेज चुनकर नए सदस्य के साथ साझा कर सकते हैं। फीचर में प्राइवेसी और कंट्रोल को प्राथमिकता दी गई है। मैसेज हिस्ट्री ऑटोमैटिक शेयर नहीं होगी, बल्कि एडमिन को खुद इसे सक्षम करना होगा। यदि एडमिन चाहे तो इस विकल्प को पूरी तरह बंद भी कर सकता है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जब भी किसी नए सदस्य के साथ चैट हिस्ट्री साझा की जाती है, तो ग्रुप के सभी प्रतिभागियों को नोटिफिकेशन मिलता है। शेयर किए गए मैसेज सामान्य चैट से अलग तरीके से मार्क किए जाते हैं, साथ ही टाइमस्टैम्प और भेजने वाले की जानकारी भी दिखाई देती है, ताकि संदर्भ स्पष्ट रहे।
यह नया फीचर खासतौर पर वर्क ग्रुप्स, प्रोजेक्ट टीम्स और कम्युनिटी ग्रुप्स के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जहां अपडेटेड जानकारी का तुरंत मिलना जरूरी होता है।









