Technology

WhatsApp पर लग सकता है सब्सक्रिप्शन ताला!, बिना विज्ञापन चैटिंग के लिए देने पड़ सकते हैं पैसे

WhatsApp हमेशा से अपने सिंपल और ऐड-फ्री अनुभव के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन आने वाले समय में यह बदल सकता है. रिपोर्ट्स और ऐप कोड में मिले संकेतों के मुताबिक, Meta एक ऐसे सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रही है, जिसके तहत यूजर्स को विज्ञापन से छुटकारा पाने के लिए पैसे चुकाने पड़ सकते हैं।

पिछले साल Meta ने WhatsApp स्टेटस और चैनल्स में विज्ञापन दिखाने की शुरुआत की थी. इससे पहले तक WhatsApp पूरी तरह बिना ऐड के चलता था, इसलिए इस बदलाव पर कई यूजर्स ने नाराजगी भी जताई. हालांकि, कंपनी अपने फैसले पर कायम रही और अब ऐसा लग रहा है कि वह एक नया विकल्प देने की तैयारी में है – यानी जो लोग ऐड नहीं देखना चाहते, वे पेड प्लान चुन सकेंगे।

फिलहाल इस सब्सक्रिप्शन की कीमत, लॉन्च डेट या उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन माना जा रहा है कि यह प्लान मुख्य रूप से ऐड-फ्री अनुभव तक सीमित रहेगा और इसमें कोई खास प्रीमियम फीचर्स शामिल नहीं होंगे। दूसरे शब्दों में, यह Netflix या Disney+ जैसे कंटेंट सब्सक्रिप्शन की तरह नहीं, बल्कि सिर्फ विज्ञापन हटाने का तरीका हो सकता है।

WhatsApp के एक हालिया बीटा वर्जन में कुछ नई स्ट्रिंग्स देखी गई हैं, जिनसे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इस दिशा में तकनीकी तैयारी कर रही है. अभी यह भी साफ नहीं है कि यह सुविधा सभी देशों में आएगी या कुछ चुनिंदा मार्केट्स तक सीमित रहेगी. गौर करने वाली बात यह है कि Meta ने पहले यूरोप में Facebook और Instagram के लिए ऐड-फ्री सब्सक्रिप्शन शुरू किए थे, वह भी नियामकीय दबाव के चलते।

अगर यह प्लान लॉन्च होता है, तो यूजर्स के पास दो रास्ते होंगे — या तो मुफ्त में ऐप इस्तेमाल करें और विज्ञापन देखें, या फिर भुगतान करके बिना ऐड वाला WhatsApp चुनें. आने वाले महीनों में Meta की ओर से इस पर आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।