दिल्ली कैंट के मानेकशॉ सेंटर में शनिवार को वेस्टर्न कमांड इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026 का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर भारतीय सेना के 100 जवानों और अधिकारियों को वीरता, असाधारण साहस और विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कारों में 6 युद्ध सेवा मेडल, 30 सेना मेडल (वीरता), 17 सेना मेडल (विशिष्ट), और 44 विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं, जिनमें कुछ मरणोपरांत प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वेस्टर्न कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने की। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के दौरान जवानों द्वारा विकसित स्वदेशी ड्रोन का प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया गया, जिसे भारतीय सेना की आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम कदम बताया गया। वेस्टर्न कमांड, जिसका मुख्यालय चंडीमंदिर (हरियाणा) में है, जम्मू-कश्मीर और पंजाब सहित पश्चिमी सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है और भारत-पाक युद्धों तथा कई अहम सैन्य अभियानों में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।









