T20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज ने लगातार तीसरी जीत के साथ अपनी धमाकेदार फॉर्म जारी रखी। शे होप की कप्तानी में टीम ने नेपाल को 9 विकेट से हराया। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 133 रन बनाए, जबकि विंडीज ने यह लक्ष्य मात्र 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। शे होप ने नाबाद 61 रन, शिमरॉन हेटमायर ने नाबाद 46 और ब्रैंडन किंग ने 22 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की जीत में जेसन होल्डर का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। 6 फीट 7 इंच लंबे होल्डर ने नेपाल के चार महत्वपूर्ण विकेट लिए और सिर्फ 27 रन दिए। उनके स्पेल ने नेपाल की टीम को 133 रन तक सीमित रखा। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज सुपर 8 में क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई।
ग्रुप C में विंडीज अब तीन में तीन जीत के साथ शीर्ष पर है, जबकि इंग्लैंड दूसरे नंबर पर है। नेपाल लगातार तीन हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया। टूर्नामेंट की शुरुआत में किसी ने भी वेस्टइंडीज को दावेदार नहीं माना था, लेकिन स्कॉटलैंड और इंग्लैंड पर जीत के बाद अब उनकी ताकत साफ नजर आ रही है। टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें हेटमायर, शे होप और होल्डर ने मुख्य भूमिका निभाई।









