West Bengal

पश्चिम बंगाल: दक्षिण 24 परगना में गोदाम में भीषण आग, 8 की मौत, कई लापता

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में सोमवार को आपस में लगे दो गोदामों में आग लग गई, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं। कोलकाता के नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के नजीराबाद स्थित इन गोदामों में आग सुबह लगभग 3 बजे लगी। दमकल की 12 गाड़ियों ने सात घंटे की मशक्कत के बाद लगभग सुबह 10 बजे आग पर काबू पाया, जबकि कुछ हिस्सों में शाम तक धुआं और आग लगी रही।

तलाशी अभियान के दौरान मलबे से कुल आठ शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी क्योंकि वे गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। प्रारंभ में छह लोगों के लापता होने की सूचना थी, लेकिन परिजन संख्या 10 से अधिक होने का अनुमान लगा रहे हैं। गोदाम में एक डेकोरेटिंग कंपनी और एक लोकप्रिय मोमो चेन के मजदूर काम करते थे और वहीं अस्थायी कमरे में रहते थे।

राज्य के मंत्री और अधिकारी घटनास्थल पर बचाव और अग्नि सुरक्षा उपायों की समीक्षा कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने आग के दौरान सरकारी तंत्र की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। बिजली मंत्री आरूप बिस्वास ने कहा कि धुआं हटने के बाद ही पता चलेगा कि कोई और फंसा है या नहीं। मलबा हटाने और दीवारें तोड़ने के लिए नगर निगम की टीम बुलाई गई है।