जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले की रित्ती पंचायत के वार्ड नंबर-1 में गंभीर जल संकट बना हुआ है। अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ को आठ महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद गांव की पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी है। इसके चलते ग्रामीणों को रोजाना एक से दो किलोमीटर पैदल चलकर पीने का पानी लाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल शक्ति विभाग ने इलाके की अधिकांश जल परियोजनाओं को तो बहाल कर दिया है, लेकिन रित्ती गांव को पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन की मरम्मत अब तक नहीं हो पाई। इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि घर की महिलाएं घरेलू काम और छोटे बच्चों को छोड़कर दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।









