दिल्ली के Jawaharlal Nehru University (JNU) में रविवार की आधी रात कैंपस में हिंसक स्थिति पैदा हो गई, जब लेफ्ट छात्र संगठन और ABVP के बीच झड़प हुई। विवाद की शुरुआत लेफ्ट छात्र संगठनों द्वारा कुलपति के कथित जातिवादी बयान के विरोध में निकाले गए “समानता मार्च” से हुई। ABVP ने आरोप लगाया कि मार्च के दौरान लेफ्ट गुट ने उनके छात्रों पर हमला किया, जबकि लेफ्ट संगठन इसे शांति पूर्ण प्रदर्शन बता रहा है और ABVP पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगा रहा है।
रात करीब 1:30 बजे स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई। पथराव और हाथापाई में कई छात्र घायल हुए, जिनमें ABVP के मीडिया संयोजक गंभीर रूप से घायल बताए गए। कुछ छात्रों को खुद को बाथरूम में बंद करना पड़ा। ABVP ने इसे सुनियोजित हिंसा बताया, जबकि लेफ्ट गुट ने अपनी यात्रा शांतिपूर्ण होने का दावा किया। झड़प के बाद कई घायल छात्रों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई में देरी और भूमिका पर सवाल उठे। JNU में वैचारिक मतभेद लगातार हिंसा में बदलते जा रहे हैं, और हर बार आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो जाता है।









