World

ईरान में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही, 600 से ज्यादा मौतों का दावा

ईरान में बीते कई दिनों से जारी हिंसा लगातार गंभीर होती जा रही है। अब तक इस हिंसा में कम से कम 646 लोगों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह आंकड़े अमेरिका की एक मीडिया एजेंसी ने जारी किए हैं, जिन्हें अब तक का सबसे भरोसेमंद डेटा माना जा रहा है। हालांकि, ईरानी सरकार ने अब तक मृतकों और घायलों की कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

हिंसा को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने इंटरनेट सेवाओं और फोन कॉल्स पर सख्त पाबंदियां लगा दी हैं, जिससे वास्तविक स्थिति का आकलन करना मुश्किल हो गया है। नॉर्वे स्थित गैर-लाभकारी संस्था ‘ईरान ह्यूमन राइट्स’ के मुताबिक, अब तक 648 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें नौ नाबालिग भी शामिल हैं। संस्था ने आशंका जताई है कि वास्तविक मौतों की संख्या 6,000 तक हो सकती है। हजारों लोग घायल बताए जा रहे हैं।

इसी बीच, ईरानी प्रशासन ने 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। बढ़ती हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय संगठनों और वैश्विक नेताओं ने गहरी चिंता जताई है और प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। गौरतलब है कि ईरान में आज प्रदर्शन का 17वां दिन है। महंगाई के विरोध में तेहरान से शुरू हुआ आंदोलन अब देशभर में फैल चुका है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में मुर्दाघर के बाहर बड़ी संख्या में शव पड़े दिखाई दिए, जिसने हालात की भयावहता को उजागर कर दिया है।