वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उनकी एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। अमेरिका में हिरासत में नजर आए मादुरो ने ग्रे रंग का ‘Nike Tech Fleece’ ट्रैक सूट पहना हुआ था, जिसे देखते ही देखते इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया। तस्वीर में मादुरो ने हथकड़ी और आंखों पर पट्टी बांध रखी थी, लेकिन लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा उनके पहनावे की ओर गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तस्वीर साझा किए जाने के बाद इसे तेजी से वायरल किया गया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे मजाक में ‘हैलोवीन कॉस्ट्यूम’ तक कह दिया। वहीं, फैशन और ऑनलाइन खरीदारी के शौकीनों ने तुरंत इस ट्रैक सूट की खोज शुरू कर दी। गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, नाइकी टेक से जुड़ी खोजों में कुछ ही घंटों में तेज बढ़ोतरी देखी गई। इसी के साथ मादुरो का नाम भी गूगल पर टॉप सर्च में बना रहा।”
नाइकी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इस हुडी की कीमत लगभग 140 डॉलर (करीब 12,600 रुपये) है, जबकि पैंट की कीमत 120 डॉलर (करीब 10,800 रुपये) है। भारत में नाइकी की वेबसाइट पर यह ट्रैक सूट 5,697 रुपये में उपलब्ध है। यह ट्रैक सूट टिकाऊ सामग्री जैसे रीसाइकल्ड पॉलिएस्टर और ऑर्गेनिक कॉटन फाइबर से बनाया गया है, जो पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है। इसके अलावा मादुरो ने चेहरे पर ‘Wanme’ ब्रांड का स्लीप मास्क और कानों में ‘Flintronic’ एंटी-नॉइज ईयर प्रोटेक्टर भी पहना था। इनकी कीमत क्रमशः 6 डॉलर (540 रुपये) और 11 डॉलर (990 रुपये) है।
मादुरो की यह तस्वीर केवल एक राजनीतिक घटना से जुड़ी नहीं रही, बल्कि फैशन और इंटरनेट ट्रेंड का हिस्सा बन गई। नाइकी ट्रैक सूट की अचानक बढ़ी लोकप्रियता ने यह साबित कर दिया कि कभी-कभी गंभीर राजनीतिक घटनाओं के बीच भी फैशन एक अलग ही चर्चा पैदा कर सकता है।









