काशी के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पहली बार वाराणसी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिसका वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार खेलों और खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह चैंपियनशिप 11 जनवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर से कुल 58 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 30 पुरुष और 28 महिला टीमें शामिल हैं। रेलवे के साथ-साथ सेना के तीनों अंगों—थल, जल और नभ—की संयुक्त टीम भी प्रतियोगिता में भाग ले रही है।
खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 1984 के बाद पहली बार सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता के दौरान स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे।









