न्यूज़ फ्लिक्स भारत, हिमाचल। वंदना बंसल को सर्वसम्मति से नालागढ़ नगर परिषद का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है. एसडीएम दिवांशु सिंगला की अध्यक्षता में नगर परिषद की बैठक हुई, जिसमें पार्षद शालिनी शर्मा व रीना शर्मा ने भाग नहीं लिया. 9 में से 7 पार्षद ही उपस्थित रहे.
इससे पहले नालागढ़ नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष अलका वर्मा ने 24 अगस्त को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, जिसे जिला उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने स्वीकृत कर लिया था और 5 सितंबर को नालागढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष पद को खाली घोषित कर दिया था. वहीं, नालागढ़ के एसडीएम को नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्देश दिए थे जिसके तहत बुधवार को चुनाव कराया गया.
बता दें कि अलका वर्मा ने पिछले वर्ष 24 अगस्त 2023 को नगर परिषद का अध्यक्ष पद संभाला था. इससे पहले नालागढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष रीना शर्मा थी, परंतु दिसंबर 2022 में 6 सदस्यों ने अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसके कारण उन्हें अध्यक्ष पद गवाना पड़ा था. इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने कहा कि सभी वार्डों को विधायक निधि से दो-दो लाख रुपये विकास कार्यो के लिए दिए जाएंगे.









