Jammu & Kashmir National

वैष्णो देवी यात्रा सातवें दिन भी स्थगित, श्राइन बोर्ड ने बुकिंग की रद्द

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते वैष्णो देवी यात्रा को सातवें दिन भी रोक दिया गया है. पिछले मंगलवार को भूस्खलन की वजह से हुए हादसे में 34 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी, और 20 लोग घायल हुए थे. इसके बाद से कटरा से माता वैष्णो देवी भवन तक की यात्रा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

श्राइन बोर्ड का फैसला:

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलीकॉप्टर सेवा, रोपवे, होटलों और अन्य सुविधाओं की सभी बुकिंग रद्द कर दी है. बोर्ड ने यह भी कहा है कि सभी को 100% रिफंड मिलेगा. जो यात्री स्वयं बुकिंग रद्द कर रहे हैं, उन्हें भी 15 दिन के भीतर पैसा लौटा दिया जाएगा.

कब शुरू होगी यात्रा?

फिलहाल, मौसम में सुधार आने तक यात्रा शुरू नहीं की जाएगी. श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे यात्रा शुरू होने की सही जानकारी के लिए बोर्ड के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज या वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. इसके अलावा, भारतीय मौसम विभाग (IMD) की एडवाइजरी भी जरूर पढ़ें.

जांच के आदेश:

इस हादसे की जांच के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीन सदस्यीय समिति बनाई है, जो पूरे मामले की जांच करेगी. यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है.