आईपीएल 2026 में एक बार फिर 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने आक्रामक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मात्र 26 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली और टीम की आसान जीत में अहम भूमिका निभाई। अपनी इस पारी में वैभव ने 300 के करीब स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 8 चौके तथा 7 छक्के जड़कर विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि RCB के प्रमुख गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गए और मैच का रुख तेजी से राजस्थान रॉयल्स की ओर मुड़ गया।
खास तौर पर उन्होंने जोश हेजलवुड की एक ही ओवर में लगातार चौकों और छक्कों से जमकर पिटाई की, जिससे मैच लगभग वहीं तय हो गया। वैभव ने मैच के बाद कहा कि वह गेंदबाज के नाम से नहीं, बल्कि गेंद की लाइन और लेंथ पर ध्यान देते हैं, चाहे सामने कोई भी बड़ा गेंदबाज क्यों न हो। हालांकि इतनी शानदार पारी के बावजूद उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह अंत तक टिके रहते तो टीम के स्कोर में और 20 रन जोड़ सकते थे। वैभव ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता संजीव और कोचिंग स्टाफ रोमी भिंडर को दिया, जिनका मार्गदर्शन उनके खेल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महज 15 साल की उम्र में इस तरह की विस्फोटक पारी खेलकर वैभव सूर्यवंशी ने भविष्य के उभरते हुए सितारे के रूप में खुद को मजबूती से स्थापित किया है।









