अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। उन्होंने मात्र 55 गेंदों में शतक पूरा कर भारत की ओर से टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनकी आक्रामक पारी में 9 चौके और 8 छक्के शामिल रहे, जिससे टीम को तेज शुरुआत मिली और स्कोर तेजी से आगे बढ़ा। टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, जो सही साबित होता दिख रहा है।
यह दूसरी बार है जब भारत और इंग्लैंड अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने हैं। इससे पहले 2022 में भी दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ चुकी हैं। खास बात यह है कि इस बार दोनों ही टीमें पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही हैं, जिससे फाइनल मुकाबला और भी रोमांचक बन गया है।
भारतीय टीम अपना 10वां फाइनल खेल रही है और अब तक पांच बार ट्रॉफी जीत चुकी है। दूसरी ओर, इंग्लैंड छठी बार फाइनल में पहुंचा है और 1998 के बाद दूसरा खिताब जीतने की कोशिश में है। सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया, जबकि इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। युवा खिलाड़ियों से सजी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है।









