उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक का मामला तेजी से बढ़ रहा है। हरिद्वार के गंगा घाटों के बाद अब गंगोत्री धाम में भी गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्री गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने बताया कि यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। मंदिर समिति ने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में भी गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है।
इसके साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ में भी जल्द ऐसा प्रस्ताव बोर्ड में लाकर लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पवित्र धाम हमारी आस्था के केंद्र हैं और यहां पर धार्मिक मान्यताओं एवं संस्कृति के अनुसार ही निर्णय होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सनातन धर्म के आस्था के केंद्रों की पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।








