Uttar Pradesh

आज शाम एक साथ अंधेरे में डूब जाएगा उत्तर प्रदेश, जानें ऐसा क्या करने जा रही योगी सरकार?

उत्तर प्रदेश में आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए 23 जनवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे एक साथ पूरे राज्य में 10 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास करेंगे। लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य अभ्यास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ प्रमुख सचिव गृह, प्रमुख सचिव नगर विकास, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, डीजीपी, डीजी फायर और राहत आयुक्त उपस्थित रहेंगे।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति, जैसे हवाई हमले या अन्य संकट के दौरान नागरिक सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना है। अभ्यास के दौरान तेज आवाज वाले सायरन बजेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जवान अलर्ट होकर कार्रवाई करेंगे।

मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद ने जिलाधिकारियों और पुलिस प्रमुखों को इस अभ्यास को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिक सुरक्षा विभाग की अगुवाई में यह ड्रिल सिविल डिफेंस, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों के तहत संपन्न होगी। उत्तर प्रदेश में यह दूसरी बार मॉक ड्रिल हो रही है। पिछली बार 7 मई 2025 को भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान प्रदेश के 19 जिलों में इसी तरह का अभ्यास कराया गया था।