World

वेनेजुएला घटनाक्रम के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर पत्थरबाजी

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़े घटनाक्रम का असर अमेरिका में भी नजर आने लगा है। वाशिंगटन डीसी के बाहरी इलाके में स्थित अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सरकारी आवास पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस मामले में अमेरिकी पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 12:15 बजे सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने एक व्यक्ति को आवास के पास से भागते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

घटना के समय उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने सरकारी आवास पर मौजूद नहीं थे। स्थानीय मीडिया में सामने आई तस्वीरों में घर की खिड़कियों को क्षतिग्रस्त दिखाया गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नुकसान किस तरह हुआ और इसके पीछे की मंशा क्या थी। सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना का संबंध वेनेजुएला से जुड़ा है या यह कोई सामान्य आपराधिक मामला है।