Business

अमेरिका ट्रेड डील से शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स-निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग

भारत और अमेरिका के बीच हुए नए व्यापार समझौते का सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया। मंगलवार को बाजार ने धमाकेदार शुरुआत की और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेज उछाल दर्ज हुआ। प्री-ओपनिंग सेशन में ही सेंसेक्स 3300 अंकों से अधिक और निफ्टी 1200 अंकों तक चढ़ गया, जिससे मजबूत कारोबार के संकेत मिल गए थे। बाजार खुलने के बाद भी तेजी जारी रही और सेंसेक्स 2400 अंक से ज्यादा बढ़कर 84,000 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी 25,800 से ऊपर कारोबार करता दिखा।

गौरतलब है कि बजट के बाद बाजार में निराशा देखने को मिली थी, लेकिन अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने के फैसले ने निवेशकों का भरोसा फिर से मजबूत कर दिया। टैरिफ में 32 प्रतिशत की राहत से निर्यात और कंपनियों की कमाई बढ़ने की उम्मीद है।

इस तेजी का फायदा रिलायंस, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंडिगो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, सन फार्मा, इंफोसिस, टाइटन और मारुति जैसे दिग्गज शेयरों को मिला, जिनमें 3 से 7 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया। इससे बाजार में उत्साह लौट आया है।