World

इराक में अमेरिकी रिफ्यूलिंग विमान क्रैश, ईरान ने हमले का दावा किया

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका का एक रिफ्यूलिंग विमान इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। ईरान ने दावा किया कि पश्चिमी इराक में सक्रिय रेजिस्टेंस फ्रंट के लड़ाकों ने KC135 स्टेटोस टैंकर विमान को मिसाइल से गिराया। ईरान के सरकारी मीडिया और रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्स (IRGC) ने भी इस हमले की पुष्टि की, जिसे अमेरिकी रणनीतिक विमान पर लक्षित बताया गया।

हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार विमान किसी हमले या मिसाइल से नहीं गिरा। हादसा ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान हुआ, जिसमें दो KC135 विमान उड़ान भर रहे थे। इनमें से एक सुरक्षित लैंड कर गया, जबकि दूसरा पश्चिम इराक में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। सेंट्रल कमांड ने बताया कि हादसा मित्र राष्ट्र के हवाई क्षेत्र में हुआ और कोई दुश्मन हमले का सबूत नहीं मिला।

वर्तमान में अमेरिकी सेना ने बचाव और मलबे की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार विमान में पांच क्रू मेंबर थे। राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से चल रहे हैं। इस घटना ने अमेरिका और ईरान के बीच पहले से बढ़ते तनाव को और भड़काया है। अब सवाल यह है कि यह वास्तविक हमला था या मात्र एक दुर्घटना, और इसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्या असर पड़ेगा।