Delhi

कड़कड़डूमा कोर्ट में हंगामा: पूर्व CJI पर जूता फेंकने वाले वकील की चप्पलों से पिटाई

दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में सोमवार को बड़ा हंगामा उस समय हुआ जब कुछ वकीलों ने अधिवक्ता राकेश किशोर की चप्पलों से पिटाई कर दी। राकेश किशोर वही वकील हैं जिन्होंने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की कोशिश की थी। गवई ने उन्हें अपनी ओर से माफ कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद कोर्ट परिसर में गुस्से से भरे कुछ वकीलों ने उन पर हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब राकेश किशोर कोर्ट परिसर में मौजूद थे। कुछ वकीलों ने अचानक उन्हें घेर लिया, धक्का-मुक्की की और चप्पलों से वार किए। स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

जूता फेंकने की घटना के बाद बार काउंसिल ने राकेश किशोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। 71–72 वर्ष के राकेश 2009 से दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकृत हैं। निलंबन के बाद वे आगे की कार्रवाई तक कोई मामला नहीं लड़ सकते। उन्होंने पहले कहा था कि उन्हें अपने कृत्य पर कोई पछतावा नहीं है और यह कदम “ईश्वरीय संकेत” पर उठाया। 6 अक्टूबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट की नियमित सुनवाई के दौरान उन्होंने CJI गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की, लेकिन तत्काल सुरक्षा ने उन्हें पकड़ लिया था।