National

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर ISI का खतरा, बढ़ाई गई सुरक्षा

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के DGP को पत्र भेजकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ISI से संभावित खतरे के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी है। पत्र में बताया गया कि विदेशी खुफिया एजेंसी ISI उनके बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसके बाद मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।

सूत्रों के अनुसार, कृषि मंत्री के पास पहले से ही Z+ सुरक्षा है, जो भारत का सबसे उच्च सुरक्षा स्तर माना जाता है। इस सुरक्षा के तहत मंत्री की रक्षा के लिए करीब 55 प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मी, जिनमें 10 से अधिक NSG कमांडो शामिल होते हैं, तैनात रहते हैं। Z+ सुरक्षा में शामिल कमांडो मार्शल आर्ट्स में विशेषज्ञ होते हैं।

सूचना मिलने के तुरंत बाद, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और भोपाल में शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा और सख्त कर दी। शुक्रवार देर रात भोपाल स्थित उनके बंगले के बाहर सुरक्षा बढ़ी हुई देखी गई।

सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच केंद्रीय मंत्री ने अपनी दिनचर्या जारी रखी और पौधारोपण के लिए पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में अपने परिवार और भांजों के साथ पौधा रोपा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाएं।

चार बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके शिवराज सिंह चौहान पहली बार 29 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 12 दिसंबर 2008, 8 दिसंबर 2013 और 23 मार्च 2020 को उन्होंने क्रमशः दूसरी, तीसरी और चौथी बार शपथ ली।