हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें हिमाचल प्रदेश आने का औपचारिक न्योता दिया। केंद्रीय मंत्री ने यह निमंत्रण स्वीकार करते हुए सितंबर माह में प्रदेश का दौरा करने की सहमति दी है। इस प्रस्तावित दौरे के दौरान धर्मेंद्र प्रधान राज्य में शिक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे। बैठक के दौरान राज्य के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार से अधिक सहयोग की मांग की। उन्होंने प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय विषमताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सहायता की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में राज्य शिक्षा मंत्री के साथ समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा और उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा भी मौजूद रहे। वहीं केंद्र सरकार की ओर से उच्च शिक्षा विभाग, भारत सरकार के सचिव एवं यूजीसी के कार्यवाहक अध्यक्ष विनीत जोशी, केंद्रीय स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव संजय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। यह बैठक राज्य और केंद्र के बीच शिक्षा क्षेत्र में समन्वय और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
