एंटोनियो गुटेरेस ने भारत को तेजी से उभरती और वैश्विक स्तर पर प्रभाव बढ़ाने वाली सफल अर्थव्यवस्था बताया है। इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर व्यापक और संतुलित वैश्विक विमर्श के लिए भारत उपयुक्त मंच प्रदान कर सकता है। उन्होंने जोर दिया कि एआई का उपयोग पूरी मानवता के हित में होना चाहिए।
गुटेरेस ने संकेत दिया कि यह तकनीक केवल कुछ विकसित देशों या दो बड़ी शक्तियों-संयुक्त राज्य अमेरिका और चीन-तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके अनुसार, वैश्विक दक्षिण के देशों को भी एआई के लाभों में समान भागीदारी मिलनी चाहिए। 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में होने वाले इस शिखर सम्मेलन में इमैनुएल मैक्रों, लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा और सुंदर पिचाई सहित कई वैश्विक नेता शामिल होंगे। स्वयं गुटेरेस भी सम्मेलन में भाग लेने भारत आएंगे।









