National

UIDAI का रिकॉर्ड: 83 हजार स्कूलों में 1 करोड़ बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने देशभर के 83,000 स्कूलों में पढ़ने वाले 1 करोड़ बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक आधार अपडेट (Mandatory Biometric Update – MBU) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह कदम बच्चों के आधार को अपडेट और मजबूत बनाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रतियोगी परीक्षाओं में पंजीकरण को आसान बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

UIDAI के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के बच्चों के आधार में केवल फोटो, नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता और जन्म प्रमाण पत्र दर्ज किए जाते हैं, क्योंकि इस उम्र में उंगलियों के निशान और आंखों की पुतली (आइरिस) पूरी तरह विकसित नहीं होतीं। 5 और 15 साल की उम्र पूरी होने पर इन बायोमेट्रिक जानकारियों का अपडेट कराना अनिवार्य होता है। इस अभियान की शुरुआत सितंबर 2025 में की गई थी। UIDAI ने शिक्षा मंत्रालय के UDISE+ सिस्टम के साथ तकनीकी एकीकरण किया, जिससे स्कूलों को आसानी से पता चल गया कि किन बच्चों का MBU बाकी है। इसके बाद स्कूल परिसरों में विशेष कैंप लगाकर बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा मुहैया कराई गई।

UIDAI ने 7 से 15 साल के बच्चों के लिए 1 अक्टूबर से एक साल की अवधि तक MBU मुफ्त में कराया। इसी दौरान आधार नामांकन केंद्रों और सेवा केंद्रों पर अतिरिक्त 1.3 करोड़ बायोमेट्रिक अपडेट भी किए गए हैं। UIDAI का मिशन मोड अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक देश के सभी स्कूल और बच्चे MBU प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेते। इस कदम से बच्चों की पहचान सुनिश्चित होगी और सरकारी योजनाओं, परीक्षाओं और अन्य सेवाओं तक उनकी पहुँच और आसान हो जाएगी।