जम्मू के R.S. Pura स्थित किशोर निगरानी गृह से फरार हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के भीतर पंजाब के Ludhiana से गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान के तहत की। तीसरा फरार आरोपी, स्थानीय गैंगस्टर करनजीत सिंह उर्फ गुग्गा, अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब तीनों बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर फरार होने की साजिश को अंजाम दिया। हमले में एसपीओ विनय कुमार और हेड कांस्टेबल परवीन कुमार घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार दिया गया।
फरार आरोपियों की पहचान अहसान अनवर और मोहम्मद सनाउल्लाह (दोनों पाकिस्तान निवासी) तथा करनजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों और अन्य राज्यों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद दो आरोपियों को लुधियाना के एक गांव से दबोचा गया। अधिकारियों के अनुसार, फरारी में किसी बाहरी मदद की संभावना की भी जांच की जा रही है।









