Uttar Pradesh

बरेली में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बरेली-नैनीताल राजमार्ग पर मुन्डिया टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान बहेड़ी के मोहल्ला गोदाम निवासी मोहम्मद सैफ (21) और महताब (19) के रूप में हुई है। दोनों युवक नववर्ष का जश्न मनाने के लिए मोटरसाइकिल से नैनीताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। बहेड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।