BBN Himachal

बद्दी एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम सफलतापूर्वक संपन्न

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के तत्वावधान में एमएसएमई–टेक्नोलॉजी सेंटर, बद्दी में 29-30 जनवरी को दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुक्रवार को समापन हुआ। यह कार्यक्रम प्रोक्योरमेंट और मार्केटिंग स्कीम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों और सरकारी एवं बड़े खरीदारों के बीच मजबूत व्यावसायिक साझेदारी स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान सीपीएसयू, सरकारी विभागों और बड़े खरीदारों के साथ बायर–सेलर मीट आयोजित की गई, जिससे एमएसएमई उद्यमियों को सीधे खरीदारों से जुड़ने का मौका मिला। इसके अलावा, प्रेजेंटेशन और इंटरैक्शन सेशन में प्रतिभागियों को नए टेंडर, व्यावसायिक अवसर और बाजार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। उद्यमियों को जेम पोर्टल, जेडईडी सर्टिफिकेशन, एलईएएन मैन्युफैक्चरिंग, पीएमएस और नवाचार आधारित सरकारी योजनाओं के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उनकी उत्पादकता, गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में सुधार हो सके।

एमएसएमई सोलन के एचओडी एवं असिस्टेंट डायरेक्टर एके गौत्तम ने उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के प्रभारी सुखमन सिंह ने बताया कि बददी–बरोटीवाला–नालागढ़ इंडस्ट्री एसोसिएशन, लघु उद्योग संघ, हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन, नालागढ़ इंडस्ट्री एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड नंगल, फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री और परवाणू इंडस्ट्री एसोसिएशन सहित कई उद्यमियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी तोमर ने उद्यमियों और छात्रों को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशेषज्ञों ने एमएसएमई कंपनियों को जेम पोर्टल पर पंजीकरण करने की सलाह दी, ताकि वे सरकारी खरीद के अवसरों का हिस्सा बन सकें।