BBN Himachal

बद्दी में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम, MSME को मिलेंगे बड़े खरीदारों से जुड़ने के अवसर

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के सहयोग से 29 और 30 जनवरी को एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, बद्दी में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग स्कीम के तहत किया जाएगा, जिसका उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों और सरकारी संस्थानों व बड़े खरीदारों के बीच व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान सीपीएसयू, विभिन्न सरकारी विभागों और प्रमुख औद्योगिक खरीदारों के साथ बायर–सेलर मीट का आयोजन होगा। इसमें एमएसएमई उद्यमियों को सीधे खरीद प्रक्रियाओं से जुड़ने और अपने उत्पादों व सेवाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्रेजेंटेशन और संवाद सत्रों के माध्यम से नए टेंडर, बाजार की संभावनाओं और व्यापारिक अवसरों की जानकारी साझा की जाएगी।

इस वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम में जेम पोर्टल, जेडईडी सर्टिफिकेशन, एलईएएन मैन्युफैक्चरिंग, पीएमएस और नवाचार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इससे एमएसएमई को गुणवत्ता सुधार, उत्पादकता बढ़ाने और प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक उद्यमी ऑनलाइन या मौके पर पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन बद्दी और हिमाचल प्रदेश के एमएसएमई उद्यमियों के लिए व्यापार विस्तार का एक प्रभावी मंच साबित होगा।