हॉरर फिल्म Tumbbad के फैंस के लिए बड़ी खबर है। Sohum Shah की इस कल्ट फिल्म के सीक्वल Tumbbad 2 की तैयारियां तेजी से शुरू होने जा रही हैं। मेकर्स इस बार फिल्म को पहले से कहीं ज्यादा बड़े और डरावने स्तर पर बनाने की योजना बना रहे हैं। 2018 में रिलीज के वक्त भले ही फिल्म को सीमित प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन 2024 में री-रिलीज के बाद इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। इसी सफलता को देखते हुए सीक्वल की घोषणा की गई, जिसके बाद से फैंस में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘तुम्बाड 2’ के लिए मुंबई में 7 से 8 एकड़ जमीन पर एक विशाल सेट तैयार किया जा रहा है। यह सेट फिल्म के पहले शेड्यूल के लिए बनाया जा रहा है, जिससे फिल्म के बड़े स्केल का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिल्म में सोहम शाह एक बार फिर अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे। वहीं, इस बार उनके साथ Nawazuddin Siddiqui भी नजर आएंगे। इस प्रोजेक्ट को सोहम शाह फिल्म्स और Pen Studios के बैनर तले बनाया जा रहा है। मेकर्स इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं, हालांकि रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।









