Lifestyle

सर्दियों में रूखी त्वचा से राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

सर्दियों का मौसम जहां ठंडक और आराम लेकर आता है, वहीं स्किन के लिए यह कई बार मुश्किलें भी खड़ी कर देता है. ठंडी हवा और कम नमी की वजह से त्वचा रूखी, बेजान और खिंची-खिंची सी महसूस होने लगती है. ऐसे में आयुर्वेदिक देखभाल न सिर्फ त्वचा को नमी देती है बल्कि उसे अंदर से मजबूत बनाने में भी मदद करती है. आयुर्वेद का मानना है कि स्वस्थ त्वचा पूरे शरीर के संतुलित स्वास्थ्य का संकेत है, इसलिए स्किन केयर अंदरूनी पोषण और बाहरी देखभाल-दोनों पर आधारित होनी चाहिए.

सर्दियों में त्वचा की ड्राइनेस से बचने के लिए कुछ सरल आयुर्वेदिक उपाय आपके डेली रूटीन का हिस्सा बन सकते हैं. सबसे पहले, प्राकृतिक मॉइस्चराइज़र को प्राथमिकता दें. एलोवेरा, नारियल तेल, तिल का तेल और शिया बटर जैसे तत्व त्वचा में नमी बनाए रखने और रूखेपन को कम करने में सहायक होते हैं.

नहाने से पहले गुनगुने तिल के तेल से हल्की मालिश करें. इससे त्वचा को पोषण मिलता है और रक्त संचार भी बेहतर होता है. नहाते समय बहुत गर्म पानी के बजाय गुनगुना पानी इस्तेमाल करें, ताकि स्किन का नैचुरल ऑयल सुरक्षित रहे.

सिर्फ बाहर से ही नहीं, अंदर से भी हाइड्रेशन जरूरी है. हर्बल चाय, सूप और गुनगुना पानी पीने से शरीर में नमी बनी रहती है, जिसका असर त्वचा पर भी दिखता है. हफ्ते में एक-दो बार शहद, हल्दी या गुलाब से बना नेचुरल फेस पैक लगाना भी फायदेमंद हो सकता है.

डाइट में घी, सूखे मेवे, एवोकाडो और मौसमी फल शामिल करें. बहुत ज्यादा तीखा और तला-भुना खाने से बचें, क्योंकि यह त्वचा की ड्राइनेस बढ़ा सकता है. संतुलित भोजन और आयुर्वेदिक दिनचर्या अपनाकर आप सर्दियों में भी अपनी त्वचा को मुलायम और हेल्दी बनाए रख सकते हैं.