अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन पर 100% अतिरिक्त टैरिफ और क्रिटिकल सॉफ्टवेयर के निर्यात पर नियंत्रण लगाने के ऐलान ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में तूफान ला दिया है. इस फैसले का सीधा असर क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ा, जहां बिटकॉइन 8.4% गिरकर 104,782 डॉलर तक लुढ़का, हालांकि बाद में कुछ रिकवरी के साथ यह 112,241.86 डॉलर तक पहुंचा. ईथेरियम भी 5.8% टूटकर 3,637 डॉलर तक गिरा, और फिलहाल 3,779.16 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है.
CoinMarketCap के आंकड़ों के अनुसार, BNB, Solana और XRP जैसी प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में भी तेज गिरावट देखी गई. यह कदम चीन की उस घोषणा के जवाब में उठाया गया है जिसमें उसने 1 नवंबर से रेयर अर्थ मिनरल्स के निर्यात पर बड़े पैमाने पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी. ये खनिज आधुनिक तकनीक के लिए बेहद अहम हैं.
ट्रंप इससे पहले ही 30% टैरिफ लागू कर चुके थे, और अब कुल टैरिफ दर 130% तक पहुंच सकती है. S&P 500, Nasdaq और Dow Jones जैसे प्रमुख अमेरिकी सूचकांकों में भी 2-3.5% तक की गिरावट दर्ज हुई. बाजार विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप की इस घोषणा ने क्रिप्टो मार्केट में भावनात्मक बिकवाली (panic selling) को और तेज कर दिया है. जैसे-जैसे अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन बढ़ता जा रहा है, निवेशकों का रुझान अब सोना, डॉलर और बॉन्ड जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ता दिख रहा है.









