अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के साथ कनाडा के बढ़ते रिश्तों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अमेरिका अपनी उत्तरी सीमा के पास चीन के प्रभाव को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। ट्रंप ने कहा कि अगर कनाडा चीन के साथ व्यापारिक समझौते आगे बढ़ाता है, तो अमेरिका कनाडाई उत्पादों पर 100 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगा देगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि दुनिया को सबसे कम जरूरत इस बात की है कि चीन कनाडा में अपनी पकड़ मजबूत करे। उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि अगर कनाडा चीन के लिए अमेरिका तक सामान पहुंचाने का रास्ता बनना चाहता है, तो यह उसकी बड़ी भूल होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि चीन के साथ नज़दीकी कनाडा की अर्थव्यवस्था, सामाजिक ढांचे और जीवनशैली के लिए घातक साबित हो सकती है। ट्रंप के मुताबिक, चीन धीरे-धीरे कनाडा को पूरी तरह अपने प्रभाव में ले लेगा। इससे पहले भी ट्रंप कनाडा पर आरोप लगा चुके हैं कि वह ग्रीनलैंड में प्रस्तावित अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणाली का विरोध कर रहा है और दूसरी ओर चीन के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ा रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपनी सुरक्षा और व्यापारिक हितों से कोई समझौता नहीं करेगा।









