National

तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक और बस की टक्कर में 20 की मौत

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई और 24 से अधिक लोग घायल हो गए. यह दुर्घटना चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा के पास हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर उस समय हुई जब तेज रफ्तार में जा रहा गिट्टी से भरा ट्रक एक यात्री बस से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलटकर बस के ऊपर गिर गया, जिससे बस में सवार कई यात्री गिट्टी और रेत में दब गए. मृतकों में 18 यात्री और बस व ट्रक चालक शामिल हैं. मृतकों में 11 महिलाएं, 9 पुरुष और एक साल का बच्चा भी है.

घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया. बचाव कार्य के लिए जेसीबी की मदद ली गई और बस की खिड़कियों को तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल और बाद में गंभीर रूप से घायलों को हैदराबाद भेजा गया. पुलिस जांच में पता चला कि ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ. हादसे के बाद चेवेल्ला-विकाराबाद मार्ग पर यातायात बाधित हो गया.

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का आदेश दिया. उन्होंने सभी घायलों को हैदराबाद में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए. अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आदेश दिया गया है.