अमेरिका के जाने-माने मौसम वैज्ञानिक और CBS2 चैनल के चीफ मेटियोरोलॉजिस्ट रोलैंड स्टेडहैम का 67 वर्ष की उम्र में दुखद निधन हो गया। इडाहो राज्य में हुए एक छोटे विमान दुर्घटना में उनकी जान चली गई। इस हादसे में विमान में मौजूद दोनों लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना इडाहो के एमेट इलाके के पास पैएट नदी के नजदीक हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमान उड़ान के दौरान एक बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वह जमी हुई नदी पर आकर गिर पड़ा। जेम काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि हादसा इतना गंभीर था कि दोनों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विमान कौन उड़ा रहा था।
इस दुर्घटना की औपचारिक जांच के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। NTSB इस मामले की अगुवाई करेगा और विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी। रोलैंड स्टेडहैम मौसम विज्ञान के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे और वर्षों तक दर्शकों को सटीक मौसम जानकारी देने के लिए सम्मानित किए जाते रहे। उनके निधन से मीडिया जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।









