Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में टायर बदलते समय टैंकर ने एक ही परिवार के 5 लोगों को रौंदा

मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में बीती रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल टैंकर ने सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस हृदयविदारक घटना में सभी पांचों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, परसवाह गांव के रहने वाले लोग एक कार्यक्रम से पिकअप वाहन (MP 65 ZD 1118) से लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे गाड़ी पंक्चर होने पर चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदल रहा था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे उतरकर खड़े थे। इसी दौरान अमरकंटक की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन (MP 19 ZO 9351) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग हवा में करीब 10 फीट ऊपर उछल गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टैंकर की गति इतनी अधिक थी कि लोगों को कुचलने के बाद उसने बिजली के पोल, एक मढ़िया और यात्री प्रतीक्षालय को भी ध्वस्त कर दिया और शवों को करीब 300 मीटर तक घसीटता रहा।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। उनकी पहचान राज करण वनवासी (35), बिहारी (50), बिहारी के बेटे (32), पवन मरावी (35) और बिसाहू धुर्वे (58) के रूप में हुई है। वहीं, 20 वर्षीय उदय प्रताप इस हादसे में घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये और रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। पुलिस ने आरोपी वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है।