अगर आपने अभी तक इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) नहीं भरा है तो जल्दी कर लीजिए, क्योंकि आज 15 सितंबर इसकी अंतिम तारीख है. आयकर विभाग ने साफ कर दिया है कि इस बार ITR फाइल करने की तारीख बिल्कुल नहीं बढ़ाई जाएगी. सोशल मीडिया पर फैल रही खबरें कि तारीख 30 सितंबर तक बढ़ाई जा सकती है, पूरी तरह फर्जी हैं.
आयकर विभाग ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करके कहा है कि ऐसी अफवाहों पर भरोसा न करें. जो लोग अपने खातों का ऑडिट नहीं करवाते हैं, उनके लिए सरकार ने पहले ही अंतिम तारीख 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी थी.
हेल्प के लिए 24×7 सेवा उपलब्ध:
आयकर विभाग ने करदाताओं की मदद के लिए 24×7 हेल्पडेस्क शुरू किया है. आप लाइव चैट, कॉल, वेबएक्स सेशन या X के जरिए मदद ले सकते हैं. अब तक 6 करोड़ से ज्यादा लोग ITR भर चुके हैं. पिछले साल की तुलना में ITR फाइल करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. वित्त वर्ष 2024-25 के लिए रिकॉर्ड 7.28 करोड़ ITR भरे गए थे, जो पिछले साल से 7.5% ज्यादा है.









