दिल्ली के उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई, जहां से करीब 5.40 लाख रुपये नकद चोरी होने की जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस ने मनोज तिवारी के एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। चोरी की शिकायत उनके मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे ने अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा, जिसे लगभग दो साल पहले नौकरी से हटा दिया गया था, ने डुप्लीकेट चाबियों के जरिए फ्लैट में प्रवेश किया। प्रमोद पांडे ने बताया कि घर के एक कमरे में रखी नकदी में से पहले जून 2025 में 4.40 लाख रुपये गायब हुए थे, लेकिन तब आरोपी की पहचान नहीं हो सकी थी।
इसके बाद चोरी की आशंका को देखते हुए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी 2026 की रात रिकॉर्ड फुटेज में आरोपी को चोरी करते हुए देखा गया, जिसमें वह करीब एक लाख रुपये निकालता नजर आया। फुटेज के आधार पर पहचान होने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और आगे की जांच जारी है।









