National

भारत में तैयार होगा दुनिया का सबसे लंबा ई-हाईवे : दिल्ली–गुरुग्राम–जयपुर कॉरिडोर पर बनेंगे अत्याधुनिक 3G एनर्जी स्टेशन

देश में पहली बार ऐसा ई-हाईवे विकसित किया जा रहा है, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों को पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा से चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। नेशनल हाईवे फॉर ईवी (NHEV) इस कॉरिडोर पर 3G एनर्जी स्टेशन बनाने की तैयारी में है। दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर और दिल्ली-फरीदाबाद-आगरा मार्ग पर पहले चरण में कुल 14 उन्नत स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन स्टेशनों पर 200 से 500 किलोवॉट क्षमता वाले अल्ट्रा-फास्ट चार्जर लगाए जाएंगे, जिनसे कारें मात्र 30 मिनट में 100–200 किलोमीटर चलने लायक चार्ज हो सकेंगी। नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित होने के कारण हर स्टेशन सालाना लगभग 8,000 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन घटाने में मदद करेगा।

प्रत्येक हाइब्रिड सर्विस हब की क्षमता 3,200 किलोवॉट होगी, जो सोलर, पवन, थर्मल और हाइड्रोजन माइक्रो-इलेक्ट्रोलाइज़र सिस्टम के जरिए ऊर्जा पैदा करेगा। भविष्य में इन हब को पूरी तरह हाइड्रोजन आधारित तकनीक में बदला जाएगा। इस हाईवे के पूर्ण होने के बाद दिल्ली से जयपुर और आगरा तक लगभग 500 किलोमीटर लंबा विश्व का सबसे विस्तृत ई-विहिकल कॉरिडोर तैयार होगा। प्रदूषण नियंत्रण के लिए NHEV दिल्ली-एनसीआर में पांच बड़े इलेक्ट्रिक ट्रक चार्जिंग हब भी बनाएगा। गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, सोनीपत और गाजियाबाद में बनने वाले इन हब पर प्रतिदिन करीब 10,000 इलेक्ट्रिक ट्रक चार्ज किए जा सकेंगे, जिससे राजधानी में डीजल ट्रकों की एंट्री धीरे-धीरे कम होगी।

3G स्टेशनों में 3.2 मेगावॉट क्षमता, फास्ट चार्जर, पैंटोग्राफ, वायरलेस चार्जिंग पैड, बैटरी स्वैपिंग और हाइड्रोजन डिस्पेंसर जैसी सुविधाएं होंगी। 5G नेटवर्क और AI आधारित लोड मैनेजमेंट के साथ वाहन खुद ही निकटतम स्टेशन और आवश्यक चार्जिंग की जानकारी देगा। इस प्रोजेक्ट के चलते पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और ईवी यात्रा को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है, क्योंकि हर 50 किलोमीटर पर चार्जिंग की उपलब्धता ड्राइवरों का भरोसा बढ़ाएगी।