बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर और राधिका मदान की नई फिल्म ‘सूबेदार’ का टीजर हाल ही में रिलीज़ किया गया है, जो दर्शकों को एक्शन से भरपूर अनुभव का भरोसा दिला रहा है। 69 साल की उम्र में अनिल कपूर का ऐसा एक्शन अवतार देख फैंस में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है, जिन्हें ‘तुम्हारी सुलु’, ‘जलसा’ और ‘दलदल’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। इसे अनिल कपूर, विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। कहानी की रचना सुरेश त्रिवेणी और प्रज्वल चंद्रशेखर ने की है। फिल्म 5 मार्च को भारत और दुनियाभर में 240 से अधिक देशों में प्राइम वीडियो पर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
टीजर में अनिल कपूर की मौजूदगी बेहद दमदार है। शुरुआत में उनके गुस्से को काबू में रखने का दृश्य दिखाई देता है, लेकिन जैसे ही हालात चरम पर पहुँचते हैं, अनिल कपूर एक्शन मोड में दिखाई देते हैं। टीजर का वातावरण बुंदेलखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित नजर आता है, और अनिल की बुंदेलखंडी डायलॉग “लाला हमसे न भिड़ियो” दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचती है।
फिल्म में अनिल कपूर और राधिका मदान के अलावा सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और मोना सिंह जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर ने पिछले साल फिल्म ‘वॉर 2’ में अपनी शानदार एक्टिंग दिखाई थी। इस साल वह ‘अल्फा’, ‘फैमिली बिजनेस’ और ‘किंग’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके ‘नायक 2’ बनाने की खबरें भी चर्चा में हैं।









