अमेरिका द्वारा भारतीय सामान पर 50% टैरिफ लगाने को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है. इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच इस विषय पर बातचीत चल रही है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है. पीयूष गोयल ने एक साक्षात्कार में कहा कि भारत और अमेरिका अच्छे दोस्त हैं और हमें भरोसा है कि दोनों देश एक संतुलित, निष्पक्ष और सही समझौते तक जरूर पहुँचेंगे. उन्होंने कहा कि बातचीत को समय देना चाहिए और जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए क्योंकि ऐसे समझौते लंबे समय के लिए होते हैं.
अमेरिका का 50% टैरिफ क्यों?
डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर कुल 50% टैरिफ लगाया है. इसमें से 25% टैरिफ भारत की ओर से लगाए गए जवाबी टैरिफ के जवाब में है, जबकि बाकी 25% टैरिफ अमेरिका ने रूस से भारत की तेल खरीद को लेकर सजा के तौर पर लगाया है. इसका मतलब ये है कि भारत में 100 रुपये का सामान अब अमेरिका में 150 रुपये में बिकेगा. पीयूष गोयल ने भरोसा जताया कि बातचीत से सभी मुद्दों का समाधान निकलेगा और दोनों देशों के रिश्ते मजबूत बने रहेंगे.









