Yash Raj Films ने अपनी चर्चित कॉप फ्रेंचाइज़ी मर्दानी के तीसरे चैप्टर का पोस्टर जारी कर दिया है और इसके साथ ही फिल्म की रिलीज़ डेट से भी पर्दा उठा दिया गया है। नए पोस्टर में रानी मुखर्जी एक बार फिर सख्त और निडर अंदाज़ में नजर आ रही हैं। हाथ में बंदूक, चेहरे पर गंभीरता और पीछे लापता बच्चों से जुड़े पोस्टर्स—यह फर्स्ट लुक साफ संकेत देता है कि इस बार कहानी और भी ज्यादा डार्क, इंटेंस और इमोशनल होने वाली है।
मेकर्स ने कन्फर्म किया है कि मर्दानी 3 30 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। जैसे ही पोस्टर सोशल मीडिया पर आया, वैसे ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट तेज़ हो गया। कई लोग इसे अब तक की सबसे सस्पेंसफुल मर्दानी फिल्म बता रहे हैं।
इस बार फिल्म का निर्देशन अभिराज मिनावाला कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन की कमान आदित्य चोपड़ा के हाथों में है। रानी मुखर्जी एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में दिखाई देंगी, जो पहले भी अपनी बेबाकी और मजबूत एक्शन के लिए दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं।गौरतलब है कि मर्दानी सीरीज़ की शुरुआत 2014 में हुई थी और 2019 में आई दूसरी फिल्म को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। दोनों ही फिल्मों ने सामाजिक मुद्दों को थ्रिलर अंदाज़ में पेश कर खास पहचान बनाई।
रानी मुखर्जी पहले भी कह चुकी हैं कि यह किरदार उनके बेहद करीब है और वे इस फ्रेंचाइज़ी के ज़रिए देश की असली पुलिस फोर्स को सम्मान देना चाहती हैं। नए पोस्टर को देखकर यही लगता है कि मर्दानी 3 एक्शन, थ्रिल और इमोशन का पावरफुल कॉम्बिनेशन लेकर आएगी। अब जबकि रिलीज़ डेट सामने आ चुकी है, दर्शकों की निगाहें इस पर टिकी हैं कि शिवानी रॉय इस बार किस दुश्मन से टकराने वाली हैं।









