चकराता, उत्तराखंड का एक खूबसूरत हिल स्टेशन, अपनी ऊंचाई और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है, लेकिन यह विदेशी पर्यटकों के लिए बंद क्षेत्र है। यह इलाका भारतीय सेना की उच्च सुरक्षा वाली सैन्य छावनी (Cantonment Zone) में आता है और यहां खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय रहती हैं। चकराता भारत-चीन सीमा के करीब होने के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इसलिए, विदेशी नागरिक केवल गृह मंत्रालय की विशेष अनुमति मिलने पर ही प्रवेश कर सकते हैं।
भारतीय नागरिकों को भी यहां फोटो और वीडियो बनाने पर सख्त पाबंदी है। बोर्ड लगे स्थानों पर फोन या कैमरा इस्तेमाल करने से बचें, अन्यथा सेना अधिकारी पूछताछ कर सकते हैं। रात में चकराता की सड़कों पर ड्राइव करना खतरनाक है, क्योंकि सड़कें संकरी और मोड़दार हैं और रोशनी की कमी है। होटल और रिसॉर्ट सीमित हैं, इसलिए अंधेरा होने से पहले रुकना जरूरी है।
इसके अलावा, रात में वाहन खराब होने या टायर फट जाने की स्थिति में मदद पाना मुश्किल होता है। इसलिए इस हिल स्टेशन की यात्रा दिन में करना सुरक्षित माना जाता है। चकराता की सुरक्षा व्यवस्था और प्राकृतिक स्थिति इसे ऑफबीट लेकिन अत्यंत संवेदनशील पर्यटन स्थल बनाती है।









